देश में प्रतियोगी परीक्षाएं केवल एक चयन प्रक्रिया नहीं हैं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों, मेहनत और भविष्य का आधार हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में जिस तरह पेपर लीक, तकनीकी गड़बड़ियां, परीक्षा रद्द होने की घटनाएं और प्रशासनिक अव्यवस्था लगातार सामने आ रही हैं, उसने इस पूरी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एलान के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
ताज़ा मामला सीयूईटी-यूजी 2026 का है, जहां तकनीकी गड़बड़ी के कारण हजारों छात्रों को घंटों परीक्षा केंद्रों पर इंतजार करना पड़ा। 3,765 से अधिक विद्यार्थियों को बिना परीक्षा दिए वापस लौटना पड़ा और अब उनके लिए पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी। एनटीए और टीसीएस ने इसे “तकनीकी समस्या” बताकर मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन छात्रों और अभिभावकों के अनुभव कुछ और कहानी बयान करते हैं।
कई केंद्रों पर परीक्षा दो घंटे नहीं बल्कि तीन से चार घंटे तक विलंबित रही। यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब नीट-यूजी 2026 पहले ही पेपर लीक विवाद के कारण रद्द हो चुकी है और दोबारा परीक्षा कराने की तैयारी चल रही है। सरकार अब प्रश्नपत्रों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना की मदद लेने पर विचार कर रही है। यह कदम अपने आप में बताता है कि स्थिति कितनी गंभीर हो चुकी है।
समस्या सिर्फ पेपर लीक तक नहीं, पूरी व्यवस्था की है
सरकार और परीक्षा एजेंसियां अक्सर हर विवाद के बाद आश्वासन देती हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होंगी। लेकिन वास्तविकता यह है कि हर कुछ महीनों में कोई नया संकट सामने आ ही जाता है। कहीं प्रश्नपत्र लीक हो रहा है तो कहीं भर्ती परीक्षा केंद्रों की क्षमता से दोगुने प्रवेश पत्र जारी हो रहे हैं, कहीं आवेदन पोर्टल ही काम नहीं कर रहा और कहीं सर्वर फेल होने से परीक्षा शुरू ही नहीं हो पा रही।
यह सब बताता है कि समस्या किसी एक घटना या एक एजेंसी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली में गहरे संस्थागत दोष मौजूद हैं। जब करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर हो, तब “तकनीकी गड़बड़ी” या “मानवीय त्रुटि” जैसे बहाने स्वीकार करना कठिन हो जाता है।
गुजरात से फिर सामने आई पेपर लीक की खबर स्थिति को और चिंताजनक बनाती है वह खबर, जिसमें दोबारा आयोजित होने जा रही नीट परीक्षा से पहले गुजरात में फिर से कथित पेपर लीक की सूचना सामने आई है। यदि जांच में यह आरोप सही साबित होता है, तो यह केवल एक और पेपर लीक नहीं होगा, बल्कि एनटीए और शिक्षा मंत्रालय की पूरी विश्वसनीयता पर अंतिम प्रश्नचिह्न होगा।
नीट पेपर लीक के बाद देश को भरोसा दिलाया गया था कि सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व होगी, केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय हैं, निगरानी बढ़ाई गई है और दोबारा ऐसी घटना नहीं होने दी जाएगी। यदि इन तमाम दावों के बावजूद फिर लीक की पुष्टि होती है, तो यह साबित करेगा कि समस्या केवल अपराधियों की नहीं बल्कि उस व्यवस्था की भी है जो बार-बार विफल हो रही है।
जवाबदेही आखिर किसकी है?
भारत में अक्सर हर बड़े घोटाले या विफलता के बाद जिम्मेदारी निचले स्तर के कर्मचारियों, तकनीकी कंपनियों या स्थानीय अधिकारियों पर डाल दी जाती है। लेकिन लोकतांत्रिक शासन में जवाबदेही ऊपर तक जाती है। यदि एक के बाद एक परीक्षाएं विवादों में घिर रही हैं, यदि छात्रों को बार-बार पुनर्परीक्षाओं का सामना करना पड़ रहा है, यदि करोड़ों परिवारों का भरोसा टूट रहा है, तो केवल जांच समितियां बनाना पर्याप्त नहीं है।
अगर गुजरात में सामने आई कथित नीट-यूजी 2026 पेपर लीक की खबर सही साबित होती है, तो सबसे पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की भूमिका की व्यापक समीक्षा होनी चाहिए। यह सवाल भी गंभीरता से उठेगा कि क्या एनटीए जैसी संस्था अपने मूल दायित्वों का निर्वहन करने में सक्षम है या नहीं। ऐसी स्थिति में एजेंसी को भंग कर उसकी जगह अधिक जवाबदेह और पारदर्शी ढांचे के निर्माण की मांग स्वाभाविक होगी। साथ ही राजनीतिक जवाबदेही का प्रश्न भी उठेगा।
किसी भी संसदीय लोकतंत्र में लगातार प्रशासनिक विफलताओं के बाद संबंधित मंत्री से जवाब मांगा जाता है। यदि बार-बार आश्वासन देने के बावजूद परीक्षाओं में गड़बड़ियां रुक नहीं रही हैं और नए विवाद सामने आते जा रहे हैं, तो शिक्षा मंत्री पर भी नैतिक जिम्मेदारी का प्रश्न खड़ा होगा। ऐसे में विपक्ष द्वारा इस्तीफे की मांग को केवल राजनीतिक बयानबाजी कहकर खारिज करना आसान नहीं होगा।
युवाओं के भरोसे का सवाल
सबसे बड़ी चिंता यह नहीं है कि एक परीक्षा देर से शुरू हुई या एक पेपर लीक हो गया। सबसे बड़ी चिंता यह है कि देश का युवा वर्ग धीरे-धीरे परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा खोता जा रहा है। जब कोई छात्र वर्षों की तैयारी के बाद परीक्षा केंद्र पहुंचता है और उसे पता चलता है कि सर्वर डाउन है, परीक्षा रद्द हो गई है या प्रश्नपत्र पहले ही बाहर आ चुका है, तो उसकी मेहनत, समय और मानसिक संतुलन पर गहरा असर पड़ता है।
भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी वाले देशों में से एक है। ऐसे देश में शिक्षा और परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर पड़ना केवल प्रशासनिक संकट नहीं, बल्कि सामाजिक और लोकतांत्रिक संकट भी है। सीयूईटी में तकनीकी गड़बड़ी, नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अव्यवस्था और आवेदन पोर्टलों की विफलता, ये सब अलग-अलग घटनाएं नहीं हैं। ये उस बड़े संकट के लक्षण हैं, जिसमें भारत की परीक्षा व्यवस्था फंसती दिखाई दे रही है।
सरकार चाहे वायुसेना से प्रश्नपत्र पहुंचवाए या नई निगरानी व्यवस्था लागू करे, असली चुनौती छात्रों का खोया हुआ भरोसा वापस हासिल करना है। और भरोसा केवल दावों से नहीं, बल्कि जवाबदेही, पारदर्शिता और लगातार सफल संचालन से लौटेगा। यदि बार-बार की विफलताओं के बावजूद कोई जवाबदेही तय नहीं होती, तो सबसे बड़ा नुकसान केवल परीक्षाओं का नहीं होगा, बल्कि उस पीढ़ी का होगा जो अपने सपनों का भविष्य इन्हीं परीक्षाओं के सहारे देखती है।
Read Next :
लातूर का “ट्यूशन एरिया” बंद करना शिक्षा पर हमला या सरकार की नाकामी?