यह जो रिपोर्ट आई है, वह किसी न्यूज़ चैनल की सनसनीखेज़ हेडलाइन नहीं बल्कि कड़वी सच्चाई का आईना है।
सोचिए—देश के 643 मंत्रियों में से 302 मंत्री अपराधी हैं, और इनमें से 174 पर तो हत्या, अपहरण, महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध जैसे गंभीर आरोप हैं। सवाल ये है कि क्या ऐसे मंत्री “लोकसेवक” हैं या “अपराध जगत के ब्रांड एंबेसडर”?
अपराधियों से सजी मंत्रिमंडलीय तस्वीर:- कुल मंत्रियों का लगभग 47% अपराधी!
भाजपा – 336 मंत्रियों में से 136 पर आपराधिक मामले, जिनमें 88 पर गंभीर अपराध।
कांग्रेस – 61 मंत्रियों में से 45 अपराधी।
टीडीपी – 96% मंत्रियों पर आपराधिक केस!
द्रमुक (DMK) – 87% मंत्री अपराधी।
आम आदमी पार्टी (AAP) – 69% मंत्री अपराधी।
यानि किसी भी पार्टी का दामन साफ़ नहीं। हर तरफ़ से राजनीति अपराधियों की शरणस्थली बन चुकी है।
जब “जनसेवक” बन जाएं “जनदोषी”:- यह वही देश है जहां आम जनता को मामूली चोरी या झगड़े के आरोप में सालों तक जेल में सड़ना पड़ता है। लेकिन हत्या, बलात्कार, अपहरण, भ्रष्टाचार जैसे मामलों में फंसे लोग चुनाव जीतकर मंत्री बन जाते हैं।”सोचिए… इस देश में अगर कोई बच्चा स्कूल में स्कॉलरशिप लेना चाहे तो उससे चरित्र प्रमाणपत्र यानी Character Certificate माँगा जाता है। अगर कोई युवा पुलिस, सेना, रेलवे, बैंक या किसी भी सरकारी नौकरी में जाना चाहे तो उसे Non-Criminal Certificate यानी साफ़-सुथरे रिकॉर्ड का सबूत देना पड़ता है। यहां तक कि पासपोर्ट बनवाने, विदेश जाने, और यहां तक कि किराए पर मकान लेने के लिए भी पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य है।” “लेकिन हैरानी देखिए… जब देश चलाने की बारी आती है… जब मंत्री बनने की बारी आती है… तो कोई Non-Criminal Certificate नहीं माँगा जाता! यानि एक मामूली चपरासी को नौकरी के लिए साफ़ चरित्र साबित करना पड़ता है, लेकिन हत्या और बलात्कार के आरोपी मंत्री बनने की पूरी छूट पा जाते हैं। ऐसे में न्याय और लोकतंत्र का मज़ाक नहीं उड़ रहा तो और क्या है?
अरबपति अपराधी मंत्री – लोकतंत्र या कंपनी?:- रिपोर्ट बताती है कि मंत्रियों की औसत संपत्ति 37 करोड़ रुपये है। कई मंत्री अरबपति हैं— टीडीपी के डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी – 5705 करोड़ की संपत्ति। डीके शिवकुमार – 1413 करोड़। चंद्रबाबू नायडू – 931 करोड़। सोचिए, एक तरफ़ देश में किसान आत्महत्या कर रहे हैं, बेरोज़गार युवा चप्पल घिस रहे हैं, और दूसरी तरफ़ अपराधी मंत्री अरबों की संपत्ति पर ऐश कर रहे हैं।
असली सवाल – ऐसा देश कैसे तरक्की करेगा?:- क्या कोई देश अपराधियों की संसद और मंत्रिमंडल से अपराधमुक्त समाज बना सकता है?
क्या ऐसे नेता “बेटी बचाओ” और “भ्रष्टाचार मिटाओ” जैसे नारे देने का नैतिक हक़ रखते हैं? साफ़ है—जहां राजनीति अपराधियों के लिए सबसे बड़ा बिज़नेस बन जाए, वहां विकास नहीं, विनाश होता है।
अब वक़्त है कड़े कानून का:- अब देश को सिर्फ़ रिपोर्ट नहीं, क्रांति चाहिए।
ऐसा कानून बने कि जिसके खिलाफ आपराधिक केस हो, वह चुनाव ही न लड़ सके।
जिन नेताओं पर गंभीर मामले चल रहे हों, उन्हें तुरंत मंत्री पद से हटाया जाए।
हलफनामों की जांच सिर्फ़ कागज़ी औपचारिकता न हो, बल्कि सख़्त छानबीन हो।
अगर ये नहीं हुआ, तो लोकतंत्र अपराधियों का “गैंग क्लब” बनकर रह जाएगा।
एडीआर की रिपोर्ट जनता के सामने एक चेतावनी का घंटा है। यह सवाल हर भारतीय को खुद से पूछना होगा—क्या हम ऐसे अपराधियों को नेता चुनते रहेंगे, या फिर लोकतंत्र को अपराधियों से आज़ाद करेंगे? क्योंकि जिस दिन जनता ने ठान लिया कि अपराधी को वोट नहीं देना है, उस दिन से राजनीति का अपराधीकरण खत्म हो जाएगा।